गोविंदपुर की शशि यादव दीघा से लड़ेंगी भाकपा माले के चुनाव चिन्ह पर चुनाव
जमशेदपुर के वामपंथी कतारों में खुशी की लहर
जमशेदपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर की बेटी शशि यादव महागठबंधन की ओर से पटना जिला के दीघा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। महागठबंधन में भाकपा माले को जो उन्नीस सीटें मिली हैं उनमें दीघा भी शामिल है। शशि यादव वहां से माले के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगी। सोमवार को दीघा सीट से शशि यादव के नाम की घोषणा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। शशि यादव को महागठबंधन का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यहां जमशेदपुर में वामपंथी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।
कौन है शशि यादव
दीघा विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन की उम्मीदवार बनाई गई शशि यादव भाकपा माले की वरिष्ठ नेता हैं। वे जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर की रहनेवाली है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र जीवन से ही आल बिहार स्टूडेंट्स यूनियन में सक्रिय होकर कर दी थी। वे पूर्वी सिंहभूम जिला स्टूडेंट्स यूनियन की कार्यकारिणी सदस्य रहीं हैं। नब्बे के दशक में जमशेदपुर में जो छात्र आंदोलन हुए उनमें उनकी सक्रियता थी। ऑल बिहार स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व संगठन मंत्री और जमशेदपुर के स्थापित छात्र नेता रहे एस एन एस जिज्ञासु ने बताया कि नब्बे के दशक में ही शशि यादव जमशेदपुर के महिला आंदोलन में भी सक्रिय रहीं और कई आंदोलनों में हिस्सा लिया। उनके पिता सीएसपी यादव भाकपा माले के जमशेदपुर में वरिष्ठ नेता रहे हैं। उनकी मां जनवादी महिला समिति, जमशेदपुर की अध्यक्ष रही हैं और महिला आंदोलन को नया आयाम दिया है।
शशि यादव को उम्मीदवार बनाने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्ति करते हुए भाकपा माले पूर्वी सिंहभूम के पूर्व सचिव एसके राय ने कहा कि यह जमशेदपुर के वामपंथी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व की बात है।