यह लावा कभी फूटेगा या नही, वक्त बतायेगा

                                                झुका सर, नीची निगाहें..


क्या इतिहास की अदालत के सामने भी यही चेहरा होगा...? राजा, या लीडर की सफलता क्या होती है? उसका सर ऊंचा कैसे होता है- क्या अप्रतिम वैभव ? वेशभूषा? जय जयकार ? नाम का भय? विरुदावली?? निष्कंटक साम्राज्य?? या फिर नामचीन लोगो के साथ फोटोग्राफ??
--
मोर-बत्तखों-बौनों से घिरा निस्तेज नायक जानता है कि गाजे बाजे के साथ निकला कारवां का भटक चुका है। एकाकी मसीहा का एकालाप, लाकडाउन की शिकार सूनी सड़को पर रेंग रहा है। अपने मायने खोजते हुए, वजूद के स्थायी निशान खोजते हुए, खुशनुमा निशान खोजते हुए..। वैसे निशान जो कभी बनाये ही नही गए।



लीडर को उसकी लिगेसी से याद किया जाता है। लिगेसी एक अहसास से जुड़ी होती है, जिसे पीढियां याद करती हैं। एक अहसास, जो हर एक बड़े नाम के साथ जुड़ा होता है। नेहरू, इंदिरा, अटल, जिन्ना, माओ, मुसोलिनी, हिटलर, ट्रम्प.. नाम लीजिये, एक अहसास साथ आएगा। प्रेम, सम्मान, गर्व, निराशा, गुस्सा, नफरत, एड्रीनलीन रश .. हर नाम से एक अहसास जुड़ा होता है। और उन्हें अहसास है, कि उनके नाम के साथ कैसा अहसास जुड़ चुका है।


इसलिए जनता की नब्ज पर उनकी पकड़ है, वह डूबती हुई नब्ज गिन पा रहे हैं। उन्हें अहसास है, कि जब तक सत्ता है, भय है, सर झुका दिए जा रहे हैं। मगर यह शोर कृत्रिम है, अस्थायी है, क्रीत है। तमाम मीडिया, प्रचार, शोरगुल, डाइवर्जन और शोबाजी के बावजूद एक बात, ऊपर से नीचे तक, हर किसी को स्पष्ट रूप से हर किसी की समझ मे आ रही है। पार्टी के लोग, समर्थक, कार्यकर्ता और भक्त मंडली सभी जानते है कि सतह के नीचे लावा उबल रहा है।
--
यह लावा कभी फूटेगा या नही, वक्त बतायेगा। उबलता लावा, फूटे तो ध्वंस करता है। जज्ब हो जाये तो छाती को भीतर ही भीतर जलाता है। बस वो यह जलन, वो अहसास है, लिगेसी है, जो इस नाम के साथ सदा के लिए जुड़ गई है।


यह अहसास ही इतिहास को वह कलम देगा, वह लावा ही स्याही बनेगा। जब वक्त, उम्र, ताकत, सत्ता, और जीवन समाप्त होगा, जब इतिहास में जब यह दौर याद किया जाएगा, उंसके बिंब क्या होंगे? प्रतिनिधि छवि क्या होगी?


नोटबन्दी की लाइनों में शंकित लोग, तालाबंदी में मजबूर और सहमे खड़े लोग, पकौड़े तलते युवा, पैरों के छाले सहलाते मजदूर? आह, या शायद सड़कों पर हथियार लहराते, नारे गुंजाते युवा?? दिग्भ्रमित, परपीड़क, सैडिस्ट यूथ और उनके नारे, जो अपने नतीजे तक न पहुचें तो गनीमत है।


कहने को वक्त अभी बचा है। मगर कहने, करने को कुछ शेष नहीं। छवियां बन चुकी है, साँचा ढल चुका है। अब क़ई भाषण ऐसा नही, जो इन छवियों को भुला देगा ? कौन सा मरहम, कौन सा गैस सिलेंडर, कौन सा शौचालय उन लोमहर्षक दृश्यों पर भारी पड़ेगा?


तो लिगेसी का पूरा खाका खिंच चुका है। विज्ञापनी शोर थमने दीजिये। दौर को करवट बदलने दीजिये। हर खामोश की जुबान पर इस दौर के जख्मो के गीत होंगे। कोई कुछ नही भूलेगा, माफ भी नही करेगा। शायद सजा भी न दे।


पर इतिहास की अदालत में गवाहियां तो होंगी, जिन्दों की भी, मुर्दों की भी। तब सजा एक ही होगी। वो सजा यह चेहरा होगा। इतिहास की अदालत में , एक अकेला, निस्तेज चेहरा..


झुका सर, नीची निगाहें!!!


 Manish Singh