लालू यादव का 73वां जन्मदिन: राबड़ी देवी ने दी शुभकामनाएं, बेटे तेज प्रताप ने माता के मंदिर में की आरती

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी के मुखिया लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के जन्मदिन पर उनके समर्थक लगातार उन्हें बधाई (RJD Celebrates Lalu Yadav Birthday) दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर राजधानी पटना में लालू यादव को लेकर पोस्टर भी लगाए गए हैं। इस पोस्टर में लालू यादव के 73वें जन्मदिन पर उनकी 73 संपत्ति होने का दावा किया गया है।


पटना
राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का आज 73वां जन्मदिन है। इसको लेकर पार्टी ने खास तैयारियां की हैं। उनके जन्मदिन पर पत्नी राबड़ी देवी (Rabri Devi), तेजप्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस बीच बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, पटनदेवी माता के मंदिर पहुंचे और पिता के जन्मदिन पर महाआरती की। छोटे बेटे तेजस्वी यादव रांची पहुंचे हैं, जहां रिम्स में पिता लालू प्रसाद यादव से मिलेंगे। दूसरी ओर, आरजेडी मुखिया के जन्मदिन पर सियासी पारा भी चढ़ गया है, विरोधियों ने उनके खिलाफ पटना में नया पोस्टर लगाया है।लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन को आरजेडी ने 'गरीब सम्मान दिवस' के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इस मौके पर पार्टी ने 72,000 से ज्यादा गरीबों को खाना खिलाने का एलान किया है। इस बीच रांची में लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर रिम्स में काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है। दूरदराज से आरजेडी के कार्यकर्ता यहां पहुंचे हैं। तेजस्वी यादव भी अपने पिता के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने के लिए रिम्स पहुंचेंगे।लालू यादव के जन्मदिन पर उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुभकानाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। प्रभु की कृपा आप पर हर पल हर क्षण बनी रहे। साजिशकर्ताओं ने जेल तो भगवान श्रीकृष्ण को भी भेज दिया था। आप स्वस्थ रहें और गरीबों के सम्मान व अधिकार के लिए यूं ही लड़ते रहें। यही एक परम प्रार्थना है यही एक दिली दुआ है। #LongLiveLalu।'लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। यही नहीं गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तेज प्रताप यादव पटना स्थित पटन देवी मंदिर पहुंचे और आरती की। उन्होंने अपने पिता लालू यादव के जन्मदिन पर उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। यही नहीं पटनदेवी मंदिर के पुजारी ने तेजप्रताप यादव को माता की चुनरी भी ओढ़ाया। इसके बाद कुछ देर तक तेजप्रताप यादव मंदिर में ही रूके।जहां एक ओर लालू यादव के जन्मदिन पर उन्हें बधाईयों का तांता लगा हुआ है, दूसरी ओर पटना में उनको लेकर पोस्टर भी लगाए गए हैं। पटना शहर में लगाए गए इस पोस्टर में लालू यादव और उनके परिवार के लोगों की संपत्ति का दावा किया गया है। पोस्टर में लालू यादव के 73वें जन्मदिन पर उनकी और उनके परिवार की 73 संपत्तियों की लिस्ट पेश की गई है। यही नहीं पोस्टर में लिखा है, 'राजनीतिक धौंस से बटोरी गई संपत्तियों की श्रृंखला और शेष है।'