बॉर्डर पर नेपाली सेना ने फायरिंग कर 1 भारतीय को मारा 1 को पकड़ लिया, DG ने कहा- रिहाई के लिए चल रही बातचीत

इस गोलीबारी के बाद सीमा पर तनाव का माहौल हो गया है। भारतीय सीमा पर एसएसबी के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है तो नेपाल में शस्त्र बल के जवान तैनात हैं।देश इस वक्त कोरोना से बड़ी लड़ाई लड़ रहा है। इस संघर्ष के बीच सीमा पर पड़ोसी मुल्कों भी रह-रह कर हमें टेंशन देने की कोशिश कर रहे है। अब बिहार से सटे भारत-नेपाल सीमा के पास भारी गोलीबारी हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार (12-06-2020) को नेपाल की तरफ से 15 राउंड फायरिंग की गई। इस फायरिंग में एक भारतीय की मौत हो गई जबकि 3 जख्मी हो गए।बिहार के सीतामढ़ी से सटी सीमा पर हुई इस गोलीबारी के बारे में स्थानीय रिपोर्ट में बताया गया है कि यह मामला सोनबरसा थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल की सीमा पीपरा परसाइन पंचायत के लालबंदी जानकीनगर बॉर्डर का है।


नेपाल की तरफ से की गई इस फायरिंग के बारे में जानकारी देते हुए एसएसबी के डीजी कुमार राजेश चंद्र ने बताया कि ‘सुबह करीब 8.40 मिनट पर एक परिवार नेपाल जा रहा था। इन लोगों को नेपाल बॉर्डर पर मौजूद नेपाल के सैनिकों ने रोका और वापस जाने के लिए कहा।


इसके बाद परिवार के सदस्यों और नेपाली सैनिकों के बीच बहस शुरू हो गई। नेपाल के सुरक्षाकर्मियों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की। इस फायरिंग में 3 लोग जख्मी हो गए जबकि एक शख्स की जान चली गई। बताया जा रहा है कि एक शख्स को नेपाल के सैनिकों ने पकड़ लिया है। हम उस शख्स की रिहाई के लिए उनके बातची कर रहे हैं। यह सबकुछ नेपाल में हुआ भारतीय सीमा में नहीं।


बॉर्डर पर नेपाल की तरफ से की गई इस फायरिंग के बाद बॉर्डर के पास खेतों में काम कर रहे श्रमिक दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए इधऱ-उधर भागने लगे। बताया जा रहा है कि गोलीबारी में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


आपको बता दें कि इस गोलीबारी के बाद सीमा पर तनाव का माहौल हो गया है। भारतीय सीमा पर एसएसबी के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है तो नेपाल में शस्त्र बल के जवान तैनात हैं। इस घटना के बाद गांव वालों ने स्थानीय थाने में जाकर हंगामा भी किया।


आपको बता दें कि 8 मई को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में 80 किलोमीटर की एक सड़क का उद्घाटन किया था। यह सड़क लिपुलेख को उत्तराखंड में धारचूला से जोड़ती है। भारत की यह कामयाबी नेपाल को रास नहीं आई थी। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए नेपाल ने दावा किया था कि भारत ने सड़क बनाने में अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हुए उसके सीमा में घुसपैठ की है।


हालांकि भारत ने नेपाल के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। इसके बाद नेपाल ने एक नक्शा दिखाया जिसमें भारतीय सीमा वाले क्षेत्रों को नेपाल में दिखाया था। भारत ने इस नक्शे का पुरजोर विरोध किया।