बेंगलुरु : कर्नाटक के तुमकुरु जिले में कुनिगल के निकट आज तड़के एक कार और एक एसयूवी की टक्कर में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में मारे गये लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि 13 में से 12 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, एक बच्चे की मौत अस्पताल में हुई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 10 लोग तमिलनाडु और तीन बेंगलुरु के थे।
मृतकों में 5 महिलाएं और 2 बच्चे भी शामिल
तुमकुरू एसपी वामसी कृष्णा ने बताया कि दुर्घटना मध्यरात्रि के बाद हुई। हादसे के दौरान पहले एक कार डिवाइडर से टकराई। इसके बाद एसयूवी कार से भिड़ गई। पुलिस को क्षतिग्रस्त वाहनों से शव निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह पुलिस ने शवों को गाड़ियों से निकाला। मरने वालों में 10 तमिलनाडु और 3 बेंगलुरु के रहने वाले थे। मृतकों में 5 महिलाएं और 2 बच्चे भी शामिल हैं। सभी कर्नाटक स्थित धर्मस्थला की यात्रा पर गए थे।