“हमारा देश हमारा संविधान, बापू धाम से गांधी मैदान, जन गन मन यात्रा” पर भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा कायराना हमला


पटना, 5 फ़रवरी, 2020 | एन. पी. आर. – एन. आर. सी. – सी. ए. ए. विरोधी संघर्ष मोर्चा द्वारा गांधी आश्रम भितिहरवा से 30 जनवरी, 2020 को निकाली गयी “हमारा देश हमारा संविधान, बापू धाम से गांधी मैदान, जन गन मन यात्रा” पर मलिकपुर बाज़ार, सुपौल में भाजपा के करीब पचास लोगों द्वारा पथराव कर कायराना हमला किया गया | हमलावरों के हाथों में काला झंडा भी था और वह “देश के गद्दारों को गोली मारों सालों को” का नारा लगा रहे थे | यह जगह जिलाधिकारी आवास के करीब है | कन्हैया की गाड़ी पर एक बड़ा पत्थर फेका गया जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई | कारवां में शामिल बस का शीशा फूट गया और यात्री मांडवी देवी को हल्की चोट लगी | कारवां में शामिल रथ के ड्राइवर का सर फट गया | यात्रा को पुलिस तात्कालिक रूप से सुपौल जिलाधिकारी आवास में ले गयी है | कल सहरसा में बड़ी सभा होनी है |
एन. पी. आर. – एन. आर. सी. – सी. ए. ए. विरोधी संघर्ष मोर्चा इस हमले की भर्त्सना करता है और नितीश सरकार से मांग करता है कि पत्थर फेंकने वालों को अविलम्ब गिरफ्तार किया जाय और काफिला को सुरक्षा दी जाए | देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा के लोगों द्वारा आन्दोलनकारियों पर इस तरह का हिंसक हमला इस बात का सबूत है कि भाजपा एक हिंसक समूह है और उसे अपने देश के संविधान पर भरोसा नहीं है |
यह भी स्पष्ट है कि आन्दोलन की बढती तेजी और लोकप्रियता से बौखला कर भाजपा सुनियोजित तरीके से इस यात्रा पर हमला कर रही है | 1 फ़रवरी को सारण में भी हमला किया गया था | सुपौल के पटेल मैदान में आज हज़ारों की तादात में लोग जुटें थे और कन्हैया ने इस बात को पुरजोर तरीके से रखा कि एन. आर. सी. सभी तबको और खासकर गरीबों के खिलाफ है | उन्होंने कहा कि सरकार सभी मोर्चे पर विफल हो गयी है इसलिए एनआरसी, एनपीआर और सीएए लाकर लोगों का ध्यान भटका रही है |
मोर्चा आवाम से आह्वाहन करता है कि ऐसे लोगों की साजिश को विफल करें और इनकी हिंसा के खिलाफ आवाज उठायें |



प्रेस कमिटी की ओर से – निवेदिता झा और चंद्रकांता